आवेदकों को शिविर में ही करेक्शन स्लिप निर्गत करने का निर्देश

 आवेदकों को शिविर में ही करेक्शन 

स्लिप निर्गत करने का निर्देश



जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निदेशानुसार दिनांक 09.02.2025 को जिला के 06 अंचलों में दाखिल-खारिज संबंधित राजस्व शिविर का आयोजन किया जायेगा। शिविर के आयोजन के संबंध में समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने ऑनलाइन मीटिंग करते हुए सभी अंचल अधिकारियों एवं वरीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
आवेदकों को शुद्धि-पत्र निर्गत करने का निर्देश
09.02.2025 (रविवार) को ओरमांझी, शहर, कांके, माण्डर, नामकुम एवं रातू अंचल कार्यालय में शिविर का आयोजन होगा। इस सभी अंचलों में बिना आपत्ति 30 दिन और आपत्ति के साथ 90 दिन के 10 डिसमिल तक के मामलों का निष्पादन किया जायेगा। इन सभी मामलों का अंचल निरीक्षक और कर्मचारी स्तर से भौतिक सत्यापन पूरा किया जा चुका है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बैठक में सभी 06 अंचल अधिकारियों से पूर्व में उपलब्ध करायी गयी सूची अनुसार म्यूटेशन के मामलों के निष्पादन की जानकारी ली गयी। उन्होंने कहा कि सूची में उपलब्ध कराये गये मामलों में से कोई मामला सीआई या कर्मचारी के लॉगिन मंे पाया गया तो उनपर नियमसंगत कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने निष्पादित मामलों के आवेदकों को सूचित करते हुए शिविर मंे शुद्धि-पत्र निर्गत करने के निर्देश दिये।

वरीय पदाधिकारियों को मामलों के निष्पादन के अनुश्रवण का निर्देश

रविवार को आयोजित किये जानेवाले दाखिल-खारिज शिविर में मामलों के निष्पादन के अनुश्रवण के लिए अंचलवार वरीय पदाधिकारियों को नामित किया गया है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी वरीय पदाधिकारियों को ससमय शिविर स्थल में उपस्थित होकर लंबित दाखिल-खारिज मामलों के निष्पादन का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है।

पहले चरण में 10 अंचल में हुआ था शिविर का आयोजन

इससे पहले दिनांक 02.02.2025 को रांची जिला के 10 अंचल अनगड़ा, अरगोड़ा, बड़गाईं, बेड़ो, बुण्डू, बुढ़मू, चान्हो, हेहल, ईटकी एवं नगड़ी में दाखिल-खारिज से संबंधित राजस्व शिविर का आयोजन किया गया था।

ट्रिपल टेस्ट सर्वे की ली जानकारी

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बैठक में अंचलवार ट्रिपल टेस्ट सर्वे की जानकारी ली। कई अंचलअधिकारियों द्वारा जानकारी दी गयी कि उनके क्षेत्र में सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है एवं डाटा इंट्री का कार्य जारी है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी अंचल अधिकारियों को सर्वे और डाटा इंट्री का कार्य यथाशीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी सीओ से आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए जमीन चिन्हित किये जाने के कार्य प्रगति की भी जानकारी ली गयी। उन्होंने कहा कि सुपरवाईजर, सीओ एवं कर्मचारी के साथ मिलकर जमीन चिन्हित करें। सभी सीओ को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा निदेश दिया गया कि जमीन संबंधी प्रस्ताव भेजने से पूर्व सेविका-सहायिका से इस बात की पुष्टि कर लें चयनित भूमि आंगनबाड़ी केन्द्र हेतु अनुकूल है।

Post a Comment

0 Comments