जनता दरबार में रांची जिलावासियों की समस्याओं का हो रहा समाधान

 

जनता दरबार में रांची 

जिलावासियों की समस्याओं 

का हो रहा समाधान




उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार से जिला प्रशासन के प्रति बढ़ रहा लोगों का विश्वास

सात साल से जमीन का नहीं कट रहा था करेक्शन स्लिप, हुआ समाधान

समस्या हो तो जन शिकायत हेतु जिला प्रशासन के व्हाट्सएप नंबर- अबुआ साथी (9430328080) पर करें शिकायत - उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री

नाम- नरेश रजक, पेशा-शिक्षक, 6 डिसिमल जमीन के करेक्शन स्लिप के लिए पिछले सात साल से नामकुम अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। आज दूसरी बार वो उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार पहुंचे। इस बार काम नहीं होने की शिकायत नहीं, काम हो जाने की खुशी थी। उन्होंने उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री को तहे दिल से धन्यवाद दिया।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार में आज जनता की समस्याओं के समाधान से जिला प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है। लगातार जनता दरबार में अपनी शिकायतें लेकर आनेवाले लोगों की संख्या बढ़ रही हैं। आज दिनांक 26.05.2025 को आयोजित जनता दरबार में जिला के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र से आये लोगों की संख्या काफी ज्यादा रही। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में एक-एक कर सभी लोगों की समस्याएं सुनी गयीं।

जनता दरबार में राजस्व, पेंशन, प्रमाण-पत्र, स्थानांतरण, भूमि पर अवैध कब्जा एवं बिक्री आदि से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए उपायुक्त द्वारा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों को अग्रसारित करते हुए अविलंब जांच कर समाधान करने का निर्देश दिया गया। भूमि से संबंधित प्राप्त शिकायतों की ऑनलाइन अद्यतन स्थिति जांचते हुए फोन पर संबंधित अंचल अधिकारी को उपायुक्त द्वारा जनता दरबार के दौरान ही जरुरी निर्देश दिये गये।

दिनांक 19.05.2025 को जनता दरबार में सुकर पालक संघ द्वारा होटल वेस्टेज पर प्रतिबंध लगाने से संबंधित आवेदन दिया गया। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा इस संबंध में संघ को पूरी सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था, जिसे आज संघ द्वारा उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया गया, उन्होंने नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में जमीन पर अवैध कब्जा एवं बिक्री से संबंधित शिकायतें भी आयी। जिसे गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारी से बात कर मामले की जांच के आदेश दिये। अनुमण्डल पदाधिकारी को भी उपायुक्त द्वारा आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

Post a Comment

0 Comments