आगामी पर्व त्योहार को लेकर विधि-व्यवस्था संबंधित शहरी क्षेत्र का भ्रमण

आगामी पर्व त्योहार को

 लेकर विधि-व्यवस्था संबंधित 

शहरी क्षेत्र का भ्रमण





उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने जिला के वरीय पदाधिकारियों के साथ लिया जायजा

आगामी पर्व सरहुल एवं रामनवमी को लेकर रांची शहर के विभिन्न जुलुस मार्ग का जायजा लेते हुए तमाम तैयारियों का अवलोकन

सरहुल एवं रामनवमी जुलूस के आवागमन के लिए सुगम रास्ता उपलब्ध कराने हेतु अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

रामनवमी के मद्देनजर रांची शहर के विभिन्न मंदिरों में तैयारियों का जायजा

सरहुल एवं रामनवमी पर्व को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। विधि-व्यवस्था संधारण के साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान उपलब्ध कराए जाने वाले अन्य व्यवस्था की तैयारी को लेकर भी लगातार जिले के उच्च अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी कड़ी में आज दिनांक 28 मार्च 2025 को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची, श्री मंजूनाथ भजंत्री ने आगामी पर्व त्योहार को लेकर विधि-व्यवस्था संबंधित शहरी क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक, नगर श्री राजकुमार मेहता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची, श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था रांची, श्री राजेश्वर नाथ आलोक, जिला नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी रांची, श्रीमती उर्वशी पांडेय एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने आगामी पर्व सरहुल एवं रामनवमी को लेकर रांची शहर के विभिन्न जुलुस मार्ग का जायजा लेते हुए तमाम तैयारियों के मद्देनजर, शिव मंडप पूजा समिति गाड़ी होटवार, महावीर चौक अपर बाजार, मेडिकल चौक मंदिर रांची, तपोवन मंदिर, सरना टोली हातमा, सरना स्थल हातमा, सिरम टोली सरना स्थल एवं अन्य जगहों का जायजा लेते हुए सम्बंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

रामनवमी पर्व को लेकर मंदिर समिति के सदस्यों से बातचीत

उपायुक्त ने तपोवन मंदिर, भुतहा तालाब चैती दुर्गा पूजा समिति, महावीर मंदिर अपर बाजार, मेडिकल चौक मंदिर रांची में की जा रही तैयारियों के संबंध में मंदिर समिति के सदस्यों से बातचीत की। मंदिर में बिजली व्यवस्था, पेयजल, सीसीटीवी, श्रद्धालुओं के आने जाने की व्यवस्था आदि को लेकर उन्होंने जानकारी लेते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग समिति को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि विधि-व्यवस्था संधारण के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति पूरे जिले में की गई है।

यथासंभव जुलूस के आगमन एवं प्रस्थान के लिए रास्ता सुगम बनाएं

सरहुल एवं रामनवमी के जुलुस मार्ग की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री जुलूस के आवागमन एवं प्रस्थान के लिए उपयोग में लाए जाने वाले रास्ते का निरीक्षण करने निकले। ओवर ब्रिज के आसपास चल रहे निर्माण कार्य के कारण इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों को उन्होंने व्यवस्थित करने का निर्देश कंपनी के संबंधित पदाधिकारी को दिया। निर्माण कार्य के कारण बने गड्ढों को भरने और बैरिकेडिंग करने का निर्देश भी उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री द्वारा दिया गया। उन्होंने कहा कि जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी ना हो इसका पूरा ख्याल रखा जाए। कंपनी के पदाधिकारी को उन्होंने कहा कि जुलूस के आगमन एवं प्रस्थान के लिए रास्ता सुगम बनाएं।

जिलेवासियों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में सरहुल एवं रामनवमी का त्यौहार मनाए

उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि सरहुल एवं रामनवमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा ना हो इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में सरहुल एवं रामनवमी का त्यौहार मनाने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments